आश्रम पर कब्जे के आरोप में नामजद संत पर मुकदमा दर्ज

हरिद्वार। एक संत ने दूसरे संत पर उसके आश्रम के फर्जी दस्तावेज बनाकर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना कनखल में मुकदमा दर्ज कराते हुए अन्नत मुनि शिष्य स्वामी बिरामदास श्री सतगुरु ओमदास ट्रस्ट कनखल ने बताया कि वह आश्रम पर रहता आ रहा था। आरोप है कि एक अन्य संत कृष्ण मुनि ने आश्रम के फर्जी दस्तावेज बना लिए थे और वह आश्रम पर कब्जा करना चाहता था। आरोप है कि अक्तूबर माह में उसने कुछ लोगों के साथ आश्रम पर कब्जा करना चाहा था, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आश्रम पर ताला लगा दिया था। मुख्य द्वार की चाभी भी पुलिस को दे दी गई थी। तब पुलिस ने दोनों पक्षों को सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष अपने अपने दस्तावेज लेकर जाने की बात कही थी। लेकिन 20 जनवरी को कृष्ण मुनि ने अपने साथियों के साथ मिलकर ताला तोड़कर आश्रम पर कब्जा कर लिया। आरोप है कि उसका कीमती सामान भी आश्रम के अंदर ही है और आश्रम में मौजूदा समय में पंद्रह से अधिक लोग बैठे है। एसओ नरेश राठौड़ ने बताया कि संत की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *