एसडीएम ने किया सराय कक्ष का लोकार्पण
विकासनगर
आस्था के प्रतीक प्रसिद्ध महासू देवता मंदिर हनोल में बने सामुदायिक शौचालय और अतिरिक्त सराय कक्ष का एसडीएम ने लोकापर्ण किया। उन्होंने मंदिर समिति के प्रयासों और सहयोग की प्रशंसा करते हुए श्रद्धालुओं के लिए हर संभव सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही। बुधवार सुबह श्री महासू देवता मंदिर प्रबंधन समिति की अध्यक्ष एवं उप जिलाधिकारी चकराता संगीता कनौजिया ने जौनसार-बावर के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थल हनोल में श्रद्धालुओं की सुविधा को निर्मित सामुदायिक शौचालय और अतिरिक्त सराय कक्ष का पारंपरिक रीति रिवाजों के बीच लोकार्पण किया। अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि सामुदायिक शौचालय बनने से पर्यटकों के साथ श्रद्धालुओं और प्रमुख रूप से महिलाओं को लाभ मिलेगा। शौचालय की कमी से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस दौरान उन्होंने हनोल में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बने दो मंजिला मल्टी स्पेशलिस्ट सामुदायिक सुलभ शौचालय, अतिरिक्त सराय कक्ष, स्नान गृह, स्टोर रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। साथ ही, समिति पदाधिकारियों को उचित दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने सचिव मंदिर समिति और समिति के सदस्यों को मंदिर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने की अपील भी की। इससे पूर्व उन्होंने महासू देवता के समक्ष मत्था भी टेका। साथ ही, मंदिर समिति के सदस्यों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया।
