जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया वेयर हाउस में मॉक पोल का निरीक्षण

अलीगढ़ |

जिला निर्वाचन अधिकारी सेल्वा कुमारी जे. द्वारा वेयर हाउस में चल रहे मॉक पोल कार्य का अवलोकन किया गया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सफाई व्यवस्था समेत सम्पूर्ण प्रक्रिया की लाइव टेलीकास्टिंग का गहनता से निरीक्षण कर संतोष प्रकट किया। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव, मंत्री एवं संभावित उम्मीदवारों से कहा है कि वह पारदर्शी निर्वाचन के लिए मॉक पोल का अवलोकन अवश्य कर लें। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आसन्न विधानसभा निर्वाचन में प्रयोग होने वाले ईवीएम-वीवीपैट के माध्यम से मॉक पोल कलैक्ट्रेट स्थित वेयर हाउस में किया जा रहा है। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक है कि सभी राजनैतिक दल एक बार मशीनों के तकनीकी पहलुओं एवं कार्यप्रणाली से अवगत हो लें जिससे निर्वाचन के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचा जा सके।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच के उपरान्त मॉक पोल का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह कार्य ईसीआईएल कम्पनी के तकनीकी कर्मियों द्वारा प्रातः 10 बजे से सांय 05 बजे तक किया जा रहा है। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, कांग्रेस एवं समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधियों द्वारा उपस्थित रहकर मॉक पोल का अवलोकन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *