पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्रवासी परेशान
ऋषिकेश। प्रतीतनगर, रायवाला और खांड गांव ग्राम पंचायतों में पेयजल लाइनें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हैं। इससे लोगों के घरों में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। रायवाला क्षेत्र में कई स्थानों पर पेयजल लाइनें लीक हो रही हैं। लीकेज के कारण पानी से सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं और पेयजल लाइनों में भी गंदगी जा रही है। हालत यह है कि वाल चैंबर भी लीक हो रहे हैं। रायवाला निवासी प्रवीण चौहान ने बताया कि पीने का पानी सड़कों पर बह रहा है। शिकायत करने पर भी कोई सुध नहीं ले रहा है।
खांड गांव के प्रधान शंकर दयाल धनै ने कहा कि रेलवे स्टेशन के पास और थाने के आगे महीनों से पेयजल लाइन लीक कर रही है। इसे ठीक करने के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों को कहा गया है। लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई है। वहीं भाजपा नेता राजेश जुगलान ने विभागीय अधिकारियों से पेयजल की दरें कम करने की मांग की। इसके लिए उन्होंने उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा है। जल संस्थान के जेई देवेंद्र नेगी ने बताया कि लीकेज की समस्या को जल्द दूर किया जाएगा।
