चुलसिया को अदालीखाल पेयजल पंपिंग योजना से जोड़ा जाए

पौड़ी। सुराज दिवस पर नैनीडांडा विकासखंड के ग्रामसभा चुलसिया में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ग्रामसभा में विकास कार्यों, जनसमस्याओं की चर्चा की गई। अदालीखाल पेयजल पंपिंग योजना में चुलसिया ग्रामसभा को शामिल न किए जाने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। प्रस्ताव पास कर मांग की गई कि पेयजल समस्या को देखते हुए ग्रामसभा चुलसिया को अदालीखाल पेयजल पंपिंग योजना में अविलंब शामिल किया जाए। सल्डमहादेव श्मशानघाट में साल आदि के हरे पेड़ों के कटान को बचाने के लिए सूखी लकड़ियों का टाल वन निगम द्वारा खोलने की मांग की गई। जिससे दाह संस्कार में कोई परेशानी न हो व पर्यावरण की भी सुरक्षा हो सके। काशीपुर बुआखाल हाईवे पर जड़ाऊखांद के निकट व अन्य विभिन्न स्थानों पर क्षतिग्रस्त पुश्तों का निर्माण करने की मांग की गई। जंगली जानवरों द्वारा खेती-बाड़ी के नुकसान पर चिंता जताते हुए मांग की गई कि घेरबाड़ का इंतजाम किया जाए। साथ ही वन विभाग अपने स्तर से आवश्यक कार्यवाही भी करे। पूर्व प्रधान व वरिष्ठ नागरिक जगतराम ध्यानी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्राम प्रधान मीनाक्षी ध्यानी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी मनीष सुयाल सहित समस्त विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *