पहाड़ों में पुराने वाहनों पर जीपीएस सिस्टम की बाध्यता हो समाप्त
पौड़ी। पर्वतीय टैक्सी-मैक्सी महासंघ के अध्यक्ष कोतवाल सिंह नेगी ने परिवहन मंत्री चंदनराम दास को ज्ञापन देकर पहाड़ों में पुराने वाहनों पर जीपीएस सिस्टम की बाध्यता समाप्त करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में युवाओं के पास रोजगार का एकमात्र और प्रमुख साधन टैक्सी व्यवसाय है। जिससे युवाओं का परिवार भी चलता है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से टैक्सियों पर कई बार नये नये नियम थोपकर उन्हें बेवजह परेशान किया जाता है। ऐसे में टैक्सी-मैक्सी व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि नये वाहनों में जीपीएस सिस्टम इनबिल्ड है। लेकिन पुराने वाहनों में इससे लगाये जाने की कई परेशानियां सामने आ रही हैं। महासंघ के अध्यक्ष कोतवाल सिंह ने परिवहन मंत्री से पुराने वाहनों में जीपीएस सिस्टम की अनिवार्यता को समाप्त करने की मांग की है। इस मौके पर महासंघ के मुख्य सलाहार डा. मदन मोहन नवानी, उपाध्यक्ष राजेंद्र डिमरी आदि मौजूद रहे।
