विशिष्ट स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

रुद्रप्रयाग। राजकीय महाविद्यालय विद्यापीठ गुप्तकाशी में नमामि गंगे प्रोजेक्ट में स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया गया। 16 दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में विशिष्ट स्थान प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं को प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य गणेश तिवारी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से छात्रों का शैक्षिक स्तर मजबूत होता है साथ ही उनका मानसिक विकास भी होता है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के चहुंमुखी विकास के लिए वह हर सहयोग के लिए हमेशा तैयार हैं। विशिष्ट अतिथि प्रसिद्ध रंगकर्मी आचार्य कृष्णानंद नौटियाल ने कहा कि गंगा महाअमृत है, इसके संरक्षण तथा संवर्धन के लिए सभी लोगों की नैतिक जिम्मेदारी तय की गई है। अति विशिष्ट अतिथि उपहार समिति के अध्यक्ष विपिन सेमवाल ने गंगा के उदगम एवं ऐतिहासिक महत्व के बारे में बताया।
आयुर्वेदिक फार्मेसी विद्यापीठ के प्रधानाचार्य डॉ हर्षवर्धन बेंजवाल ने कहा कि छात्र-छात्राओं के जीवन में तभी विकास संभव है, जब वह अनुशासित होकर अपने उद्देश्य की प्राप्ति करें। संस्कृत महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य पुष्पा नौटियाल ने कहा की गंगा महज पवित्र जलधारा नही है, बल्कि पितरों के मोक्ष के लिए मोक्षदायनी भी है। विद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर पीएस जगवान ने सभी अतिथियों का अभिवादन किया। कार्यक्रम में कला, निबंध तथा भाषण में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं को महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *