छात्रों को जी-20 आयोजन के विषय में जानकारी दी
नई टिहरी। राजकीय महाविद्यालय पावकी देवी में गुरुवार को जी 20 तत्वावधान में जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण, नवीनीकरण ऊर्जा और वसुधैव कुटुंबकम विषय पर छात्रों के बीच पोस्टर और चार्ट प्रतियोगिता करवाई गई। महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. छाया चतुर्वेदी ने छात्रों को भारत के नेतृत्व में आयोजित हो रहा जी 20 के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। महाविद्यालय स्तर पर जी 20 समिति की संयोजक डॉ. तनु आर बाली तथा सदस्य डॉ. रेखा सिंह ने जी-20 के आदर्श वाक्य वसुधैव कुटुंबकम् की प्रासंगिकता पर कहा कि भारत विविधताओं में एकता स्थापित करने वाला देश है। जलवायु परिवर्तन को मानवता के लिए घातक बताते छात्रों से पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधे लगाने, चारे के लिए वृक्ष कटान न करने, बायो फ्यूल के इस्तेमाल की अपील की। प्रतियोगिता में छात्रा जगपती ने प्रथम, प्रियंका ने द्वितीय और रेशमा ने तृतीय स्थान हासिल किया। दूसरी ओर महाविद्यालय की धूम्रपान निषेध समिति की ओर से नशा मुक्त रैली निकालकर ग्रामीणों को धुम्रपान छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। मौके पर डॉ. ओमवीर, डॉ. गुंजन जैन, डॉ. संजय कुमार, प्रो. संगीता बहुगुणा, प्रो. नीलू कुमारी, मुकेश रावत, राजेन्द्र सिंह आदि शामिल थे।
