जनता की मन की बात भी सुनें प्रधानमंत्री: आप

हरिद्वार। आम आदमी पार्टी ने पीएम के मन की बात के 100वें संस्करण पर शिक्षा विभाग द्वारा रविवार के दिन छुट्टी निरस्त करने और बच्चों को स्कूल बुलाने को तुगलकी फरमान बताया। आप के पदाधिकारियों ने कहा कि जनता की मन की बात भी प्रधानमंत्री सुनें। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने कहा कि छुट्टी के दिन शिक्षा विभाग द्वारा छोटे-छोटे बच्चों को और शिक्षकों को स्कूल बुलाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बेहतर होता कि देश के प्रधानमंत्री 140 करोड़ जनता के मन की बात सुनते और उनका निराकरण करते, परंतु इसके विपरीत पीएम केवल अपने मन की बात करते हैं। आज महंगाई चरम पर है। देश का युवा बेरोजगार है। किसान एमएसपी की मांग को लेकर सड़कों पर है। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महिला मोर्चा हेमा भंडारी ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने मन की बात में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और महिला सशक्तिकरण जैसी बातें करते हैं, परंतु आज महिला पहलवान भाजपा सांसद के खिलाफ यौन शोषण मामले में धरना दे रही हैं पर उनके मन की बात नहीं सुनाई देती। विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अनिल सती ने कहा कि बेहतर होता यदि पीएम मन की बात में बेरोजगार युवाओं की पीड़ा को समझते, बढ़ते पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर के दामों पर चिंता व्यक्त करते हुए उनके समाधान की बात करते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *