मंदिर की आय-व्यय का हिसाब न देने पर कलेक्ट्रेट पहुंचे लोग
रुद्रपुर। शिव मंदिर चौरासी घंटा की आय का हिसाब-किताब सार्वजनिक किए जाने की मांग को लेकर रम्पुरा के लोगों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। मंदिर प्रबंध कमेटी पर सालों से आय-व्यय का कोई ब्योरा उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग उठाई। गुरुवार को रम्पुरा के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन के बाद एसडीएम मनीष बिष्ट को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा कि शिव मंदिर चौरासी घंटा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष ने पिछले 11 सालों से आय-व्यय का कोई लेखा-जोखा नहीं दिखाया है। मंदिर में प्रतिवर्ष किराये की दुकानों, शादी मंडप, रामलीला मंचन व दान आदि के रुप में लाखों रुपये की आय होती है। लोगों ने आरोप लगाया कि मंदिर के अध्यक्ष व उनके कुछ समर्थित पदाधिकारी कई बार हिसाब मांगे जाने के बावजूद आय-व्यय का कोई ब्योरा देने को तैयार नहीं होते। विरोध किए जाने पर अपने ही किसी व्यक्ति को अध्यक्ष बना लेते हैं। कहा कि 70 साल प्राचीन मंदिर से लोगों की आस्था जुड़ी है। लेकिन प्रबंध कमेटी की मनमानी से लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। एसडीएम से मंदिर की आय का विवरण सार्वजनिक कराने और मामले की जांच की मांग उठाई। एसडीएम ने जांच का आवश्सन दिया। इस दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा, पार्षद मोहन खेड़ा, कुंवर पाल कोली आदि लोग मौजूद रहे।
