गणेश महोत्सव में जुट रही श्रद्धालुओं की भीड़

बागेश्वर। मंगलमूर्ति संगठन के तत्वाधान में आयोजित गणेश महोत्सव में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की काफी भीड़ जुट रही है। भजन कीर्तनों से क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया है और गजानन की गूंज से कत्यूर घाटी गणेशमय हो गई है। श्रीराम मंदिर में आयोजित गणेश महोत्सव में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट पहुंचे। उन्होंने महा आरती में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि मंगलमूर्ति संगठन ने क्षेत्र में आध्यात्म की जो अलख जगाई है, वह सराहनीय है। उन्होंने लोगों से सदैव नैतिक व सदाचरण के मार्ग पर चलने को कहा। मंगल मूर्ति संगठन के घनश्याम जोशी ने बताया कि बुधवार को हवन यज्ञ व विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर भजन गायक रमेश जोशी कान्हा, केवल जोशी, प्रदीप गुरुरानी, गणेश पांडे, प्रमोद जोशी ने भजन प्रस्तुत कर लोगों को भाव विभोर कर दिया। इस दौरान ज्येष्ठ प्रमुख बहादुर कोरंगा, जेसी आर्या, दयाल गिरी, कैलाश जोशी, विपिन तिवारी, नंदन सिंह अल्मिया, डीके नेगी, राजेंद्र खोलिया, दिनेश कांडपाल, भाष्कर बृजवासी, बसंत कांडपाल आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *