आइसा से प्रियंका और छात्रम से रूपेश उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी घोषित
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर छात्र संघ चुनाव में आइसा व छात्रम छात्र संगठन ने उपाध्यक्ष पद पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। आइसा की ओर से प्रियंका को उपाध्यक्ष पद पर अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है। जबकि छात्रम संगठन की ओर से रूपेश नेगी को उपाध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया गया है। आइसा कार्यकर्ता व बिड़ला परिसर छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष अंकित उछोली और छात्र संघ उपाध्यक्ष रोबिन असवाल ने छात्र संघ चुनाव 2023-24 के उपाध्यक्ष पद पर प्रियंका के नाम की घोषणा की। मौके पर उछोली व असवाल ने कहा कि आइसा छात्र संगठन विगत लगभग 30 वर्षों से गढ़वाल विवि में शिक्षा और संघर्ष का नारा बुलंद करते हुए छात्रहित के लिए कार्य कर रहा है। जिससे संगठन के घोषित प्रत्याशियों को लगातार जीत मिलती आ रही है। वहीं दूसरी ओर छात्रम संगठन की ओर से बिड़ला परिसर के पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष सुजीत गैरोला, अजय पुंडीर, अनमोल भंडारी और छात्रम् के जिला उपाध्यक्ष राहुल ने उपाध्यक्ष पद के लिए रूपेश नेगी को प्रत्याशी घोषित किया।
