लोहाघाट में पेयजल व्यवस्था बेपटरी
चम्पावत
लोहाघाट में नियमित रूप से पेयजल की आपूर्ति न होने पर लोगों ने जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अगर व्यवस्थाएं न सुधरी तो वह आंदोलन करेंगे। बुधवार को निवर्तमान पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा के नेतृत्व में मीना बाजार में लोगों ने नगर में तीसरे और चौथे दिन पानी आने पर प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि विभाग उनके घरों में तीसरे और चौथे दिन पेयजल आपूर्ति करवा रहा है। जिसमें केवल 20 मिनट ही पानी की आपूर्ति करता है। ऐसे में लोग नौले, हैंडपंप आदि का सहारा लेकर पेयजल आपूर्ति करते हैं। कहा कि महीने में केवल दस दिन पानी देने के वह पूरे महीने का जल मूल्य देते हैं। कहा कि नगर में हर जगह लीकेज और पुरानी पाइप लाइन को बदलने के लिए भी विभाग कदम नहीं उठा रहा है। अगर यही हाल नगर में पेयजल आपूर्ति का रहा तो वह सड़कों में तो उतरेंगे। यहां लीलांबर गहतोड़ी, हेम राय, चंद्रशेखर राय, नवीन राम, राजू बिष्ट, मन्नू राय, चंदन बिष्ट, पंकज गहतोड़ी, जाकिर, कुतुब शेख, अमित सामंत, गणेश बगौली, मनोज कलखुड़िया आदि रहे।
