शहर में फिर आ धमका हाथी, लोगों में दहशत
हरिद्वार
धर्मनगरी में गुरुवार को हाथी जंगल से निकल कर तीन स्थानों पर आ धमके। इस कारण लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मिस्सरपुर में हाथियों के झुंड ने फसलों को नुकसान पहुंचाया। कनखल के राधिका एनक्लेव कॉलोनी में हाथियों का झुंड घूमता दिखा। वहीं, ज्वालापुर के दुर्गा चौक पर तड़के टस्कर हाथी सड़क पर चहलकदमी करता नजर आया। धर्मनगरी में जंगली जानवरों का रिहायशी क्षेत्र में आने का सिलसिला जारी है। रोजाना हाथियों का झुंड आबादी क्षेत्र का रुख कर रहा है। बुधवार रात को हाथियों का झुंड मिस्सरपुर गांव में पहुंच गया। इस दौरान हाथियों ने घरों के बाहर खड़े वाहनों और दीवारों पर रखे गमलों को तोड़ दिया। इसके बाद हाथियों ने खेतों में पहुंच कर फसलों का नुकसान किया।
