पेयजल निगम ने तीन माह से बंद पड़ी सीवर लाइन को सुचारु किया
देहरादून
पेयजल निगम देहरादून शाखा ने माता मंदिर रोड की सीवर लाइन को सुचारु करने में सफलता प्राप्त की है। इस लाइन पर पेयजल निगम ने लगातार 90 घंटे तक काम करने के पश्चात इस समस्या को दूर कर दिया है। इससे क्षेत्र की जनता ने भी राहत की सांस ली है। पेयजल निगम के ईई जीतमणि बेलवाल ने बताया कि माता मंदिर रोड से होकर बहने वाली सीवर लाइन हरिद्वार बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग में धसांव के कारण बंगाली कोठी की ओर सीवर का प्रवाह पूरी तरह बंद हो गया था। माता मंदिर रोड से आगे लगी कॉलोनियों में करीब 3500 परिवारों की लगभग दो लाख से अधिक आबादी विगत तीन माह से सीवर के अवरुद्ध होने से त्रस्त थी। सीवर कहीं ओवर फ्लो हो रहा था तो कहीं घरों में बैक मार रहा था। गलियों, सड़कों में सीवर खुले में बहता रहता था। काफी प्रयास के बाद भी जल संस्थान इस समस्या का समाधान नहीं कर पाया तो जल संस्थान के अनुरोध पर पेयजल निगम की देहरादून शाखा ने सरस्वती विहार क्षेत्र की इस समस्या का समाधान कर सीवर सुचारु कर दिया है।
