चौरास परिसर में हुआ अमृत महोत्सव का शुभारंभ
श्रीनगर गढ़वाल
आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर गढ़वाल केंद्रीय विवि के एनसीसी एवं एनएसएस इकाई द्वारा अमृत महोत्सव का शुभारंभ चौरास परिसर में किया गया। इस मौके पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. पीएस राणा ने राष्ट्रीय ध्वज लहराकर फ्री टू रन दौड़ा का शुभारंभ कर युवाओं को देश प्रेम के प्रति प्रेरित किया। बतौर मुख्य अतिथि विवि की कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने कहा कि हमें आजादी सहज ही नहीं मिली बल्कि शहीदों ने अपना सब कुछ बलिदान किया। कहा किसी के अधिकारों का हनन करके प्राप्त की गई आजादी, आजादी नहीं होती। उन्होंने युवाओं से आजादी के महोत्सव में प्रतिभाग करने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, स्वच्छता अपनाने एंव कोरोना टीकाकरण में ज्यादा से ज्यादा प्रतिभाग करने की अपील की। कार्यक्रम समन्वयक प्रो. ओके बेलवाल ने आजादी के अमृत महोत्सव को जनसहभागिता से जन आंदोलन में परिवर्तित करने का आह्वान किया। एनएसएस के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डा. सोमेश थपलियाल ने कहा कि यह महोत्सव 2 अक्तूबर तक चलेगा। अमृत महोत्सव के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन पर आधारित व्याख्यान, क्विज, स्लोगन, पोस्टर, निबंध प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। संचालन डा. सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने किया। आयोजन मे स्वयं सेवक वैभव सकलानी, वीर प्रताप सिंह, अक्षिता अग्रवाल, अनिकेत, डा. सौरभ, डा. सुधीर कुमार, डा. लक्ष्मण कंडारी आदि ने सहयोग दिया।
