कांग्रेस टिकट देगी तो मैं ही लडूंगा चुनाव : कंडारी
रुद्रप्रयाग।
पूर्व कैबिनेट मंत्री मातबर सिंह कंडारी ने कहा कि 2022 के विस चुनाव में कांग्रेस पार्टी हाईकमान यदि उन्हें टिकट देगी तो, वहीं चुनाव लड़ेंगे। इसका प्रमुख कारण अपने अधूर पड़े कार्यों को पूरा करना है। कहा कि कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं कि कंडारी अपने बेटे राजीव कंडारी को विस चुनाव लड़ाना चाहते हैं। प्रेस को जारी विज्ञप्ति में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मातबर कंडारी ने कहा कि मैं स्वरोजगार पर ध्यान देना चाहता हूं। जब भी विधायक और मंत्री रहा तो पहाड़ में स्वरोजगार के दिशा में कार्य करने के लिए लोगों को निरंतर प्रेरित करता रहा हूं। विधानसभा चुनाव को लेकर कुछ लोगों द्वारा उड़ाई जा रही अफवाह पर विराम लगाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान यदि टिकट देगी तो वह स्वयं चुनाव लड़ेंगे। बेटे को चुनाव लड़ाने को लेकर कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं। कंडारी ने कहा कि कपास की खेती पर जोर देते हुए कृषकों को लाभान्वित किया जा सकता है। पशुपालन से आर्थिकी को मजबूत बनाया जा सकता है। यहां अंगूरा खरगोश, ऑस्ट्रेलिया भेड़ पालन किया जा सकता है इससे स्वरोजगार के क्षेत्र में अच्छी आमदनी हासिल की जा सकती है। इसके साथ ही कई जड़ी बूटी और लेमन ग्रास आदि को भी आर्थिकी से जोड़ा जा सकता है।