म्यूजिक वीडियो में गायक दीप मनी के साथ काम करेंगी जैकलीन फर्नांडिस

जैकलीन फर्नांडिस अपने अभिनय के अलावा ग्लैमरस लुक के कारण सुर्खियों में छाई रहती हैं। सोशल मीडिया पर लाखों की संख्या में इस अभिनेत्री के प्रशंसक हैं। इस साल वह कई फिल्मों को लेकर चर्चा के केंद्र में बनी हुई हैं। उन्हें हाल में रिलीज हुई फिल्म भूत पुलिस में देखा गया है। अब जानकारी साामने आ रही है कि उन्होंने एक म्यूजिक वीडियो के लिए चर्चित गायक दीप मनी के साथ हाथ मिलाया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, एक म्यूजिक वीडियो में जैकलीन गायक दीप के साथ काम करने वाली हैं। एक सूत्र ने कहा, ऐसी चर्चा है कि जैकलीन को प्रोजेक्ट के लिए फाइनल कर दिया गया है और इस म्यूजिक वीडियो को जल्द ही बर्मिंघम में शूट किया जाएगा। गायक दीप इस प्रोजेक्ट पर लॉकडाउन के दरमियान से काम कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि म्यूजिक वीडियो के लिए उन्होंने कई अभिनेत्रियों को अप्रोच किया था।
इस प्रोजेक्ट के लिए दीप की जैकलीन और सोनाक्षी सिन्हा जैसी कई अभिनेत्रियों से बातचीत चल रही थी। आखिरकार जैकलीन को म्यूजिक वीडियो के लिए चुन लिया गया है। डेजी शाह और रश्मि देसाई दीप के अन्य म्यूजिक वीडियो में नजर आएंगी। सूत्र ने बताया है कि अभिनेत्री डेजी ने अपने म्यूजिक वीडियो की शूटिंग पूरी कर ली है। डेजी के म्यूजिक वीडियो का टाइटल हजूर रखा गया है, जो जल्द रिलीज होगा।
भूत पुलिस 10 सितंबर को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हुई है। इस फिल्म के निर्देशन की कमान पवन कृपलानी ने संभाली है और निर्माता हैं रमेश तौरानी। सैफ अली खान, अर्जुन कपूर, यामी गौतम, जावेद जाफरी और अमित मिस्त्री फिल्म में अहम भूमिकाओं में दिखे हैं। फिल्म में जैकलीन का अभिनय फीका रहा है। उन्होंने फिल्म में कुछ ऐसा खास नहीं किया, जिसके लिए उनकी तारीफ की जाए।
दीप के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने सलमान खान अभिनीत फिल्म रेस 3 में काम किया है। यह फिल्म 2018 में रिलीज हुई थी।
जैकलीन के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्हें कई फिल्मों में देखा जा सकता है। अटैक में वह जॉन अब्राहम के साथ नजर आएंगी। इस फिल्म का निर्देशन लक्ष्य राज आनंद कर रहे हैं। जैकलीन निर्देशक रोहित शेट्टी की फिल्म सर्कस का भी हिस्सा हैं। रणवीर सिंह और पूजा हेगड़े इस फिल्म में दिखेंगे। इसके अलावा वह फिल्म बच्चन पांडे में नजर आएंगी। इस फिल्म में वह अभिनेता अक्षय कुमार के साथ नजर आने वाली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *