बिजली कर्मचारी आज से हड़ताल पर
हरिद्वार
विद्युत अधिकारी-कर्मचारी बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। हड़ताल को लेकर संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों के बीच जाकर जनजागरण अभियान चलाया। इसके साथ ही हड़ताल कर अधिकारी-कर्मचारी मोबाइल फोन व अपने उपकरण प्रशासन की ओर से तैनात किए जाने वाले स्टाफ को सरेंडर कर देंगे। उत्तराखंड विद्युत अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले हरिद्वार के ऊर्जा निगम के सभी अधिकारी-कर्मचारी 14 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। बीती 27 जुलाई को ऊर्जा निगमों के कार्मिकों की हड़ताल के बाद जिला प्रशासन ने सबक लेते हुए अन्य विभागों के अधिकारियों को सब स्टेशनों की जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि हड़ताल के चलते किसी तरह की परेशानी खड़ी न हो। पर ऐसे में बड़ा फाल्ट या फिर कोई और तकनीकी खामी आने पर परेशानी खड़ा होना तय माना जा रहा है। मोर्चा के संदीप शर्मा और केडी जोशी ने बताया कि बुधवार सुबह 8 बजे से ऊर्जा निगमों के कार्मिक हड़ताल पर चले जाएंगे। हड़ताल करना हमारा कोई मकसद नहीं है। लेकिन जायज मांगों के लिए अब ऐसा कदम उठाना पड़ रहा है।
