लोकसभा चुनाव की तरह गलती नहीं दोहराएंगे अनिल
शिमला
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि उम्मीद है कि विधायक अनिल शर्मा इस बार लोकसभा चुनाव की तरह गलती नहीं दोहराएंगे। वह पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे। अगर सदर के विधायक की तरफ से किसी तरह की अनुशासनहीनता पार्टी को नजर आती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कश्यप गुरुवार को मंडी में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा।
कहा कि कांग्रेस का हर नेता खुद को मुख्यमंत्री पद का दावेदार समझ रहा है। कांग्रेस बिखरी पड़ी है। भाजपा क्वालिटी और क्वांटिटी से भरी है। 2014 के बाद भाजपा ने कोई बड़ा चुनाव नहीं हारा है। दावा किया कि चारों नगर निगमों के चुनाव में भी भाजपा जीत दर्ज करेगी। कहा कि भाजपा अब सूबे के चारों नगर निगमों के प्रत्याशियों में किसी तरह का बदलाव नहीं करेगी। उनके साथ सुंदरनगर के विधायक एवं मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी राकेश जम्वाल और जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह भी मौजूद रहे।
