फायरिंग मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
काशीपुर। खनन से भरे वाहन खाली कराने को लेकर दो पक्षों में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने एक पक्ष के नामजद तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि दूसरे पक्ष के आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस अधिकारी फरार लोगों को जल्द पकड़ने की बात कह रहे हैं।
शुक्रवार की देर रात गांव रेंहटा में खनन के वाहन खाली कराने को लेकर एक पक्ष के विक्रम गिल और दूसरे पक्ष के कृपाल संह के बीच विवाद हो गया था। इसमें दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग की गई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों के सात नामजद समेत अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया था। रविवार को पुलिस ने विक्रम गिल पक्ष के विक्रम, संदीप और गुरविंदर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि इनका एक और नामजद अमर सिंह अभी फरार है। वहीं कृपाल पक्ष के कृपाल सिंह, सुखदेव सिंह बब्बी और मोहम्मद शफी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिये चार टीमें बनाई गई हैं। इन लोगों के संभावित ठिकानों पर दबिशें दी जा रही हैं। जल्द ही फरार चल रहे अन्य आरोपियों को पकड़ लिया जायेगा। पकड़े गये तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
