महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ राजभवन का घेराव करेगी कांग्रेस
शिमला। महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस राजभवन के बाहर प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता अलका लांबा भी शिमला पहुंच गई हैं। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अलका लांबा ने कहा कि देश की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार आंखें मूंदकर बैठी है।लांबा ने कहा है कि देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी बढ़ाने और सेना में ठेका प्रथा अग्निपथ योजना के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, सत्याग्रह तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार इस पर कोई राहत नहीं देती
पांच अगस्त को पूरे देश में इसके खिलाफ कांग्रेस प्रदर्शन करेगी। दिल्ली में राष्ट्रपति भवन व प्रधानमंत्री आवास का घेराव भी किया जाएगा। राज्यों में कांग्रेस राजभवन का शांतिपूर्ण ढंग से घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि अगर इस दौरान पुलिस उन्हें गिरफ्तार करती है तो कांग्रेस नेता गिरफ्तारियां भी देंगे। लांबा ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी जैसे मसलों पर चर्चा से केंद्र की मोदी सरकार दो सप्ताह तक सदन में भागती रही। कांग्रेस के दबाव के बाद इस पर एक अगस्त को चर्चा हुई। केंद्रीय वित्त मंत्री के सदन में दिए भाषण को उनका अहंकार बताते हुए लांबा ने कहा कि उन्होंने अपने भाषण में कहीं भी महंगाई व बेरोजगारी पर कोई चिंता तक नहीं जताई।
लांबा ने कहा कि प्रदेश में उपचुनावों तक भाजपा के लिए महंगाई, बेरोजगारी कोई मुद्दा ही नहीं थी। जब भाजपा को इन चारों उपचुनावों में मुंह की खानी पड़ी, तब इन्हें लगा कि यह भी कोई मुद्दा है। इसके बाद भाजपा ने देश के लोगों को बढ़ती महंगाई से कुछ राहत दी, पर कुछ ही दिनों बाद इसे फिर से बढ़ा दिया गया। मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपने राजनीतिक विरोधियों को जांच एजेंसियों से डराने का प्रयास कर रही है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी से पूछताछ में ईडी को क्या पता चला है, इसकी जानकारी अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है।
