एनएच पर जल संस्थान के खोदे गड्ढे से लोग परेशान
विकासनगर। दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर विकासनगर मुख्य बाजार में पेयजल लीकेज ठीक करने के लिए जल संस्थान ने एक सप्ताह पहले गड्ढा खोदा था। सात दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक लीकेज ठीक नहीं हो पाया है। अलबत्ता हर रोज गड्ढे की गहराई बढ़ती जा रही है। जिससे मुख्य बाजार में यातायात प्रभावित हो रहा है। मुख्य बाजार में केनरा बैंक के सामने सत्तर के दशक में बिछाई गई पेयजल लाइन लीकेज कर रही थी, जिससे बाजार के कुछ हिस्सों में पेयजल किल्लत गहरा गई थी। लीकेज ठीक करने के लिए जल संस्थान कर्मियों ने एनएच पर खुदाई शुरू की। शुरुआत में दो फीट गड्ढा खोदकर लीकेज को ठीक करने का प्रयास किया गया। लेकिन पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। अब हर दिन जल संस्थान कर्मी गड्ढे को गहराई में खोदते जा रहे हैं। एनएच के बीचोंबीच गड्ढा खोदने से आधा हिस्सा बाधित हो गया है। गड्ढे से निकलने वाला मलबा भी एनएच पर ही ढेर किया जाता है, जिससे शाम को उठाया जा रहा है। ऐसे में दोपहर होने तक एनएच पर मलबे का ढेर लग जाता है। भीड़भाड़ वाली जगह पर जल संस्थान की ओर से सुस्त रफ्तार किए जा रहे कार्य से आम जनता परेशान हो रही है। कई बार बाजार में जाम की स्थिति की पैदा हो जाती है। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता, महामंत्री भारत कालरा, पूर्व अध्यक्ष अमरजीत सिंह, मनोज अग्रवाल ने कहा कि जल संस्थान की लापरवाही का खामियाजा आम जनता के साथ ही व्यापारियों और यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने जल्द ही गड्ढे को भरने की मांग की है। उधर, जल संस्थान के एसडीओ जयपाल सिंह ने बताया कि जल्द ही लीकेज को ठीक कर एनएच पर गड्ढे को भर दिया जाएगा।
