विद्यालय प्रबंधन समिति ने की गुलदार को पकड़ने की मांग
नई टिहरी। दो सप्ताह पूर्व बालगंगा रेंज के मयकोट गांव के 12 वर्षीय बालक को निवाला बनाये जाने तथा आदमखोर गुलदार को मार गिराये जाने के बाद भी क्षेत्र में गुलदार की धमक बनी है,जिससे लोगों के दहशत का महौल बना है।
शुक्रवार को राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय केमरिया सौड़ में विद्यालय प्रबंधन समिति के लोगों ने बैठक कर घनसाली एसडीएम और रेंज अधिकारी को पत्र भेजकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है। एसएमसी अध्यक्ष दीपा देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अभिभावकों ने कहा कि बीते दो सप्ताह पूर्व विद्यालय के समीप मयकोट गांव के 12 वर्षीय किशोर को गुलदार ने मार डाला,जिसके बाद वन विभाग की ओर से तैनात शूटरों ने गुलदार को मार गिराया था। बताया अभी भी गुलदार दिन दहाड़े विद्यालय के आस पास घूमता दिखाई दे रहा है,जससे स्कूली बच्चें और ग्रामीण दहशत में हैं। विदयालय के शिक्षक व प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रवीर नेगी ने कहा कि विद्यालय के आसपास गुलदार के दिखाई देने से बच्चों की जान को खतरा है,उन्होंने वन विभाग से शीघ्र गुलदार को पकड़ने की मांग की है। उधर रेंज अधिकारी प्रदीप चौहान ने बताया कि ग्रामीण और विद्यालय के शिक्षकों की ओर से प्राप्त पत्र के आधार पर क्षेत्र में विभागीय कर्मचारियों की गस्ती टीम तैनात की गई है। पिंजरा लगाने के लिए प्रभागीय वनाधिकारी से अनुरोध किया गया है, उन्होंने लोगों से सावधान रहने की अपील की है।
