किशोरी के अपहरण का आरोपी निकला नाबालिग

रुड़की। क्षेत्र से किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का नामजद आरोपी नाबालिग निकला। आरोपी किशोर को कार्रवाई के बाद किशोर न्यायालय में पेश किया गया है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में गन्ना कोल्हू पर मजदूरी करने वाली महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया गया था कि उसकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री को गन्ना कोल्हू संचालक का पुत्र बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस संबंध में पुलिस ने महिला की तहरीर पर नामजद आरोपी के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर अपहृत किशोरी तथा आरोपी को अब्दुल कलाम चौक से उस समय अभिरक्षा में लिया, जब वह कहीं जाने के लिए वाहन की प्रतीक्षा कर रहे थे। पूछताछ में पता चला कि आरोपी भी नाबालिग है। उसके परिजनों ने उसकी आयु के संबंध में दस्तावेज पुलिस के समक्ष पेश किए। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल परीक्षण के बाद परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया है जबकि आरोपी किशोर को किशोर कोर्ट में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *