देश को एकता के सूत्र में बांधने में संतों की अहम भूमिका
हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़़ा परिषद अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविन्द्रपुरी ने कहा कि संत महापुरुषों ने समाज का मार्गदर्शन करने के साथ देश को एकता के सूत्र में बांधने में सदैव अहम भूमिका निभायी है। यह बात उन्होंने मिस्सरपुर स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर के वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित संत समागम के दौरान कही। श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि संतों के सानिध्य में आने वाले भक्त का कल्याण अवश्य होता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि और हरिद्वार संतों की नगरी है। संतों द्वारा हरिद्वार से प्रसारित आध्यात्मिक संदेशों से पूरी दुनिया को मार्गदर्शन प्राप्त होता है। सभी को धर्म व अध्यात्म के मार्ग पर चलते हुए मानव कल्याण में योगदान करना चाहिए। मंदिर के महंत विनोद गिरी महाराज ने कहा कि निर्मल जल के समान जीवन व्यतीत करने वाले संत महापुरूषों ने सदैव देश व समाज को नई दिशा प्रदान की है। इस मौके पर श्रीमहंत रामरतन गिरी, महंत सत्यम गिरी, महंत अखिलेश भारती, महंत मनसापुरी, महंत सूर्यमोहन गिरी, स्वामी कृष्णानन्द, महंत अरूण दास, महंत जसविन्दर सिंह आदि शामिल रहे।
