दिल्ली से शुरू हुई किसान चेतना यात्रा का हरकी पैड़ी पर समापन

हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल अंबावता के नेतृत्व में दिल्ली से हरिद्वार तक निकाली गयी किसान चेतना यात्रा का मंगलवार को हरकी पैड़ी पर समापन हुआ। नई दिल्ली से हरिद्वार तक यात्रा का कई स्थानों पर किसानों ने स्वागत किया। हरकी पैड़ी पर यात्रा का समापन करते हुए चौधरी ऋषिपाल अंबावता ने कहा कि पूरे देश में निकाली जा रही किसान चेतना यात्रा का उद्देश्य किसानों को जागरूक करना है। सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान करने में विफल साबित हो रही है। गन्ने का भुगतान नहीं हो रहा हैं, जमीन अधिग्रहण का मुआवजा नहीं मिल रहा है। अपने हक के लिए आवाज उठाने वाले किसानों, नौजवानों को जेल भेजा जा रहा है। सरकार के रवैये के विरूद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार की जा रही है। जहां भी किसानों पर अत्याचार होगा, भाकियू अंबावता किसानों के साथ खड़ी होकर आंदोलन करेगी। उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक अवतार सिंह भड़ाना के साथ 20 फरवरी को दिल्ली में किसानों की बड़ी पंचायत का आयोजन किया जा रहा है। पंचायत में किसानों के हित में काम करने वाले किसानों नेताओं को आमंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 21 फरवरी को किसान चेतना यात्रा को लखनऊ के लिए रवाना किया जाएगा। पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना ने कहा कि चौधरी ऋषिपाल अंबावता के नेतृत्व में किसानों की लड़ाई लड़ी जा रही है। देहरादून में बेरोजगार युवाओं पर लाठीचार्ज की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इस दौरान रश्मि चौधरी, विकास प्रधान, अरुण बैंसला, राव सद्दाम, सोनू त्यागी, सागर सिंह, सुभाष चौधरी, अमित कसाना, हाजी याकूब, मौहम्मद हारून, अनीस गाजी, जितेंद्र चौधरी, सागर सिंह, रमन सिंह, ओमकार भाटी, अशोक भाटी, दिनेश वालिया, मनोज प्रधान सहित सैकड़ों की संख्या में किसान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *