महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दिया जाएगा प्रशिक्षण
ऋषिकेश। देवभूमि गंगा स्वयंसेवी चैरिटेबल ट्रस्ट ने ढालवाला में कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। केंद्र में क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए सिलाई, बुनाई, कंप्यूटर, ब्यूटी पार्लर आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। मंगलवार को देवभूमि गंगा स्वयंसेवी चैरिटेबल ट्रस्ट ने ढालवाला स्थित चीनी गोदाम के निकट व्यास मोहल्ला में कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के तहत ट्रस्ट अध्यक्ष हरिओम शर्मा, मुनिकीरेती पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल ने संयुक्त रूप से कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। हरिओम शर्मा ने कहा कि शिक्षित नारी राष्ट्र की आदि शक्ति के समान है। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने से ही देश तरक्की करेगा। इसलिए सभी बालिकाओं को उचित शिक्षा दिलवाएं। कहा कि इस प्रशिक्षण केंद्र का उद्देश्य महिला को अच्छी समझ और प्रशिक्षण प्रदान करना है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा जो रोजगार में सहायक होगा। मौके पर रीना उनियाल, संगीता गुप्ता, अमिता उनियाल, योगेश उनियाल, सुमन गुवाड़ी, मधु रतूड़ी, मधु बिजल्वाण, रोशनी उनियाल, सोनिया उनियाल, बबीता सकलानी, रौनी पंवार, संगीता उनियाल, डॉ. ज्योति शर्मा, सुषमा बहुगुणा आदि उपस्थित रहे।
