भाजपा झबरेड़ा मंडल कार्यसमिति की बैठक आयोजित
रुड़की। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को विकास कार्यों की वजह से जनता वोट करती है। भाजपा की ओर से देश के गांव-गांव में जो विकास कार्य किए गए हैं उनके बुते ही भाजपा की जीत निश्चित है। भाजपा में सभी कार्यकर्ता बराबर हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति ने भाजपा झबरेड़ा मंडल कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा आने वाले निकाय चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री योजना के तहत किसानों को छह हजार रुपये प्रति वर्ष दिए जा रहे हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण, जबरन धर्मांतरण रोकने के लिए कानून एवं भू कानून, समान नागरिक संहिता कानून के लिए समिति का गठन किया है। भर्ती घोटालों को रोकने के लिए कड़े कानून बनाए जा रहे हैं। झबरेड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष चौधरी मानवेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने से विकास हो रहा है। झबरेड़ा में कई विकास कार्य किए गए हैं। कस्बे में कोई भी मोहल्ला ऐसा नहीं है जहां अच्छी सड़क न हो, पानी निकासी के लिए नालों का निर्माण किया जा रहा है। सफाई व्यवस्था के लिए नगर पंचायत झबरेड़ा में अपना एक अलग स्थान रखती है। झबरेड़ा भाजपा मंडल अध्यक्ष सुधीर चौधरी ने कहा कि भाजपा में निष्ठावान कार्यकर्ताओं की कमी नहीं है। भाजपा कार्यकर्ता ही पार्टी को जिताने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आने वाले नगर निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं से जुड़ने का आह्वान किया है। इस अवसर पर मनोज सैनी, चौधरी मानवेंद्र सिंह, इंद्रेश मोती, सुदेश चौधरी, प्रदीप त्यागी, हितेश शर्मा, सुबोध सैनी, प्रदीप सैनी, शुभम गोयल, अनुज सैनी, सुषमा, कुलदीप कुमार, रामेंद्र सिंह, राजवीर, अनीता देवी और अभिषेक आदि मौजूद रहे।
