भिवानी कांड को लेकर आजाद समाज पार्टी ने किया प्रदर्शन
रुड़की। राजस्थान के दो युवकों को हरियाणा में कथित तौर पर उन्हीं की कार में जिंदा जलाकर मार डालने के विरोध में आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही पीएम के पुतले का दहन कर सरकार से मांग करते हुए कहा गया कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। करीब चार दिन पूर्व राजस्थान के रहने वाले दो युवक अपनी कार में सवार होकर अपनी ससुराल हरियाणा में गए थे। आरोप है कि कुछ शरारती तत्वों की ओर से उन को निशाना बनाते हुए उनके साथ मारपीट की गई। उसके बाद उन्हीं की कार में उन्हें डालकर जला दिया गया। इस मामले में पीड़ित पक्ष की तरफ से हरियाणा पुलिस की ओर से मुकदमा भी दर्ज किया गया है। लेकिन एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जबकि मुख्य आरोपी फरार बताया गया है। रविवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही मुख्य आरोपी जो अभी तक फरार है उसकी तत्काल प्रभाव से गिरफ्तारी की जाए। कहा कि इस पूरे मामले से पर्दा उठाया जाए। बाद में आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से पीएम मोदी के पुतले को लेकर नारेबाजी करते हुए उसका दहन किया गया। इस अवसर पर काजी मोनिस, एहतेशाम अहमद, सुशील पाटिल, साजिद अंसारी, राहत हुसैन, किरतपाल करणवाल, अंकित कुमार, सहदेव कुमार, विश्वास, राजीव, संदीप आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
