कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा: एसएसपी
हरिद्वार। होली के पर्व पर जिले में कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने सभी थाना कोतवाली प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि लॉ एंड आर्डर बिगाड़ने वालों को किसी सूरत बख्शा न जाए। मिश्रित आबादी और संवेदनशील इलाकों पर पुलिस टीमें लगातार गश्त करती रहे। थाना प्रभारियों के साथ-साथ सभी सीओ भी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बनाए रखें। एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि सभी थानों पर उपलब्ध त्योहार रजिस्टर का अवलोकन करते हुए पिछले सालों की तरह ही व्यवस्थाओं को अमलीजामा पहनाएं। कहीं कोई नई परंपरा शुरू नहीं होनी चाहिए। इसके लिए क्षेत्र के सम्भ्रान्त व्यक्तियों, समितियों व स्थानीय सामाजिक संस्थाओं से जुडे़ समाजसेवियों के साथ बैठक कर त्योहार को शान्तिपूर्वक सम्पन्न कराने की अपील करें। सभी थाना कोतवाली प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में होलिका दहन किए जाने वाले स्थानों की सूची तैयार कर समय से ड्यूटियां लगाएं। मिश्रित आबादी वाले स्थानों, धार्मिक स्थलों और भीड़ वाले क्षेत्रों जैसे रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैण्ड, होटल, धर्मशालाओं, शॉपिंग मॉल आदि में प्रभावी चेकिंग कराते हुए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की जाए। एसएसपी अजय सिंह ने जिले के वासियों से भी शांति व भाईचारे के साथ मिलजुलकर त्योहार मनाने की अपील की है।
