धूमधाम से सम्पन्न हुआ कालिका मंदिर में 70 वां वार्षिक ध्वजारोहण महोत्सव

देहरादून। कालिका मंदिर में 70 वां वार्षिक ध्वजारोहण महोत्सव धूमधाम से सम्पन्न हुआ। जय माता दी के जयकारों से मन्दिर गूंज उठा। शाम ठीक 6 बजकर 5 मिनट पर कुरुक्षेत्र से पधारे गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, टपकेश्वर के श्रीमहंत किशन गिरी महाराज व अनेक संत-श्रद्धालुओं की मौजूदगी में मां कालिका की अष्टधातु स्थायी कीर्ति स्तंभ पर ध्वजारोहण किया गया। भवन कालिका माता समिति द्वारा 22 मार्च से बालयोगी सर्वदास जी महाराज की प्रेरणा से चल रहे वार्षिक ध्वजारोहण समारोह इसी के साथ सम्पन्न हो गया। मंदिर में भक्त समाज द्वारा जय माता दी के गगनभेदी जयकारों के साथ भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। माता की भव्य आरती हुई। ध्वजारोहण के बाद सभी भक्तों ने एक दूसरे को बधाई दी। मां की आरती के बाद देर शाम गोपाल भारद्वाज व मंडली ने माता की चौकी में मां का गुणगान किया। इससे पहले मंदिर में रात्रि के जागरण के पश्चात सुबह के समय महंत किशन गिरी महाराज के नेतृत्व में ध्वजावतरण कार्यक्रम हुआ। मां जगदंबा की आरती व प्रसाद वितरण हुआ। सिंदुरिया हनुमान मंदिर में ऊपरी तल पर ध्वजारोहण हुआ। गुप्त बाबा की दुकान का भी स्थापना दिवस मनाया गया। रामचरितमानस के नवाहन पाठ की समाप्ति हुई। इसके बाद मां कालिका मंदिर में अष्टधातु कीर्ति स्तंभ का अभिषेक मंदिर के पुजारियों द्वारा शुरू हुआ। दोपहर में राम जन्मोत्सव सिंदुरिया हनुमान मंदिर में मनाया गया। वहां 100 किलो लड्डू का भोग लगाया गया। मां कालिका यज्ञशाला में राम जन्मोत्सव पर राम यज्ञ हुआ। दोपहर में मंदिर में समष्टि भंडारे हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *