लापता महिला का नहीं चला पता
चमोली। बमौथ गांव में घर से लापता हुई महिला स्वाति पंत पत्नी कमलेश पंत का सप्ताह भर बाद भी पता नहीं चल पाया है। कमलेश पंत के भाई राजेश पंत ने बताया कि स्वाति पंत 16 अप्रैल को प्रात:काल से ही घर से लापता है। खोजबीन में स्वाति की चुन्नी और चप्पल अलकनंदा नदी किनारे मिली। जिस पर महिला द्वारा नदी में छलांग लगाए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। परिजनों की शिकायत के बाद चौकी पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस के गोताखोर और ग्रामीणों के साथ साथ निजी राफ्टिंग वालों से भी स्वाति की खोज नदी में की गई लेकिर स्वाति का कहीं पता नहीं लगा। चौकी प्रभारी मानवेंद्र गुसाईं ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर फिलहाल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जबकि स्वाति पंत के मायके वाले स्वाति को मारे जाने के आरोप लगाने की शिकायत कर रहे हैं। गुसाईं ने बताया कि मामले में स्वाति की खोजबीन या अन्य कोई साक्ष्य मिलने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
