लंगासू के प्रर्यावरण प्रेमी शिक्षक मनोज सती हुए दिल्ली में सम्मानित
चमोली। पर्यावरण के क्षेत्र में काम करने वाले लंगासू निवासी शिक्षक मनोज सती को दिल्ली में पर्यावरणविद् सुंदरलाल बहुगुणा वृक्ष मित्र सम्मान से सम्मानित किया गया है। सती के सम्मानित होने पर उनके गृह क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सती पिछले कई सालों से पर्यावरण के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। शिक्षक मनोज सती ने बांज सहित हिमालयी क्षेत्र में होने वाले पौधों की खुद नर्सरी तैयार कर ग्रामीणों को पौधरोपण के प्रति जागरूक किया। यही नहीं गांवों के आस पास खंतियां बनाकर जलसंरक्षण की दिशा में भी मनोज काम कर रहे हैं। मनोज सती ने बताया कि बीते 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस पर राष्ट्रीय स्तर पर काम करने वाली संस्था नव प्रभात जनसेवा संस्थान ने उन्हें सम्मानित किया। सती ने बताया कि उनके साथ उत्तराखंड के चंदन सिंह नयाल के साथ ही उप्र, मप्र, बिहार, राजस्थान, पंजाब, गुजरात और दिल्ली के सोलह से अधिक पर्यावरण प्रेमियों को सम्मानित किया गया। मालवीय स्मृति भवन में आयोजित कार्यक्रम में पृथ्वी संकट, समस्या एवं निदान विषय पर राष्ट्रीय सेमीनार का आयोजन किया गया। मनोज को सम्मान मिलने पर विधायक अनिल नौटियाल, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह बिष्ट, योगेंद्र सिंह, एसपी शर्मा, भारत तिब्बत विकास मंच के उपाध्यक्ष टीका प्रसाद मैखुरी, ताजवर सिंह नेगी, धीरेंद्र नेगी आदि ने खुशी व्यक्त की है।
