तृतीय केदार तुंगनाथ की डोली आज रवाना होगी

 

रुद्रप्रयाग। पंचकेदारों में तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली सोमवार को तुंगनाथ के लिए रवाना होगी। 26 अप्रैल को भगवान की डोली तुंगनाथ मंदिर पहुंचेगी। जहां इसी दिन मंदिर के कपाट भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इधर, बीकेटीसी एवं हक हकूकधारियों ने तैयारियां शुरू कर दी। केदारनाथ मंदिर के साथ ही तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट खुलने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। सोमवार को भगवान तुंगनाथ की भोगमूर्तियों को पूजा-अर्चना के बाद सभामंडप लाया जाएगा। मंदिर के पुजारियों द्वारा भगवान की मूर्तियों को डोली में सजाया जाएगा। जिसके बाद स्थानीय लोगों की ओर से नए अनाज का भोग तैयार भगवान को लगाया जाएगा। इस दौरान भगवान की उत्सव डोली नृत्य कर भक्तों को आशीर्वाद भी देंगे। इसी दिन उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल मक्कूमठ से अपने धाम के लिए रवाना होगी। पहले दिन वाद्य यत्रों के साथ डोली मक्कूमठ गांव के पास भूतनाथ मंदिर में रात्रि विश्राम करेगी। 25 अप्रैल को को भूतनाथ मंदिर से प्रस्थान कर रात्रि प्रवास के लिए चोपता पहुंचेगी। 26 अप्रैल को डोली चोपता से तुंगनाथ के लिए प्रस्थान करेगी। इसी दिन डोली के धाम पहुंचने पर दोहपर 10.50 बजे शुभ लग्नानुसार भगवान तुंगनाथ के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। जिसके बाद ग्रीष्मकाल के छह माह तक यहीं पर भगवान की नित्य पूजाएं संपन्न की जाएगी। बदरी-केदार मंदिर समिति के प्रबन्धक बीएस नेगी ने बताया कि सोमवार को भगवान तुंगनाथ की डोली कैलाश के लिए रवाना होगी। 26 अप्रैल को पौराणिक रीति रिवाजों के साथ मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। तुंगनाथ मंदिर के कपाट खोलने को लेकर मंदिर समिति ने तैयारियां शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *