नमकीन सप्लाई भेजने का झांसा देकर तीन लाख हड़पे

देहरादून। नमकीन की सप्लाई भेजने का झांसा देकर दून के कारोबारी से तीन लाख रुपये हड़प लिए गए। आरोपियों ने पीड़ित महिला को कंपनी का क्लीयरिंग एंड फॉरवर्ड एजेंट बनाने का भी झांसा दिया। मामले में गढ़ी कैंट थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है। कोर्ट में क्वालिटी प्वाइंट कंपनी की संचालक कामना मलिक पत्नी महेश मलिक निवासी किशननगर एक्सटेंशन ने तहरीर दी। कहा कि उनका संपर्क ट्वींस इंटरनेशनल कंपनी राजकोट के संचालक रामपाल, सागर पटेल और आलोक महेश्वरी से हुआ। उन्होंने नमकीन का कारोबार करने की बात कही। कुछ सेम्पल भी उन्हें भेजे गए। जो पसंद आए। महिला ने उनकी कंपनी के साथ कारोबार करने पर सहमति जता दी। कारोबार शुरू करने की बात कहते हुए सीएडएफ डील की गई। इसके बाद नमकीन की सप्लाई का झांसा देकर तीन लाख रुपये अपने दिए बैंक खातों में जमा करवा लिए। रकम पिछले साल फरवरी और मार्च में दी गई। तब से पीड़ित महिला और उनके परिवार के लोग रकम वापस पाने को चक्कर काट रहे हैं। आरोपियों ने एक चेक भी महिला को दिया। वह बाउंस हो गया। इंस्पेक्टर कैंट नंद किशोर भट्ट ने बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *