हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
पौड़ी। केदारनाथ की हेलीकॉप्टर यात्रा के टिकट कराने और चारधाम यात्रा कराने के नाम पर आठ श्रद्धालुओं के साथ ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक लाख रुपये लेकर हेलीकॉप्टर से यात्रा नहीं कराने का आरोप है। कमलाकर रामभाऊ चोगले पुत्र रामभाऊ काया चोगले निवासी सरस्वती अपार्टमेंट, केटमनीवली गांव, कल्याण ईस्ट ठाणे महाराष्ट्र ने पुलिस चौकी फाटा पर शिकायत दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि इसी माह दस तारीख को फाटा में एक व्यक्ति मिला। जिसने अपना नाम आशीष राजेन्द्र चौधरी बताया। जिसने उनको आश्वासन दिया कि वह उन लोगों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से चारधाम यात्रा का दर्शन करा देगा। केदारनाथ के लिए आठ लोगों के टिकट बुक कराने के एवज में आशीष राजेंद्र चौधरी ने एक लाख रुपए की मांग की। शिकायतकर्ता ने 25 हजार रुपये ऑनलाइन व ₹ 75 हजार रुपये नगद दिए। आरोप है कि पैसे देने के बाद सभी श्रद्धालु टिकट के लिए काफी देर तक इंतजार किए। लेकिन उस व्यक्ति ने न तो टिकट उपलब्ध कराया और न ही पैसा वापस किया। फोन भी रिसीव नहीं किया गया। थाना गुप्तकाशी में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू की। गुप्तकाशी थानाध्यक्ष ने बताया कि रविवार को आरोपी आशीष राजेन्द्र चौधरी पुत्र राजेन्द्र एकनाथ चौधरी निवासी 39 दत्तवाड़ी महासोवा चौक सिंहगढ़ रोड़ थाना जिला पुणे महाराष्ट्र को शेरसी से गिरफ्तार किया गया।
आईआरसीटीसी की वेबसाइट से ही करें बुकिंग
पुलिस ने चारधाम यात्रा आ रहे श्रद्धालुओं से अपील है कि वे यदि हेलीकॉप्टर के माध्यम से चारधाम यात्रा पर जाना चाहते हैं तो वे इस बार आईआरसीटीसी द्वारा जारी अधिकृत वेबसाइट https://heliyatra.irctc.co.in से ही अपनी टिकट बुक करें। अन्य वेबसाइट या इस प्रकार से टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देने वालों के फेर में न पड़े। अन्यथा आप भी ठगी का शिकार हो सकते हैं।
