पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर वितरित की जा रही सेब पौध
विकासनगर। मुख्यमंत्री उद्यान एकीकृत विकास योजना के अंतर्गत उद्यान विभाग ने किसानों और बागवानों का चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर शुरू कर दिया। जनपद की दुर्गम तहसील त्यूणी में सेब की पैदावर बड़ी मात्रा में की जाती है। यहां की जलवायु सेब की फसल के लिए बेहतर मानी जाती है। तहसील के बागवान प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में सेब का पौधरोपण करते हैं। मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ. मीनाक्षी जोशी ने बताया कि सचल दल केंद्र त्यूणी, चौसाल के उद्यान प्रभारियों को सेब के पौधे आवंटित करने के निर्देश दे दिए गए हैं। बागवान प्रदीप जिनाटा, अनूप जिनाटा, राहुल चौहान, नरेश, दीपेश ने कहा कि उच्च प्रजाति की सेब की पौध मिलने दीर्घकाल में आर्थिक लाभ मिलेगा। वहीं एडीओ इंदुभूषण कुमोला ने कहा कि पौध लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान आ रहे हैं। किसानों को खुद पौध पसंद करने की छूट दी गई है।
