आंगनबाड़ी केंद्रों में एक माह का अवकाश दिया जाए
चम्पावत। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों में एक माह का ग्रीष्मकालीन अवकाश दिए जाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की जिलाध्यक्ष मीना बोहरा के नेतृत्व में एसडीएम सुंदर सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि मैदानी क्षेत्रों की भीषण गर्मी में छोटे बच्चों का केंद्र में आना मुश्किल हो रहा है। बताया कि बच्चों को उल्टी, दस्त जैसी कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी आ रही हैं। उनका कहना है कि नौनिहालों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक विद्यालयों की की भांति आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक माह का ग्रीष्मकालीन अवकाश दिया जाए। यहां ब्लॉक अध्यक्ष गीता चंद्र, कोषाध्यक्ष नीरू बिष्ट, संगठन मंत्री गोविंदी पंत, रजनी बिष्ट, अनीता मर्तोलिया, नीता पांडेय, गायत्री पंत, रूपा, मीडिया प्रभारी दीपा शर्मा, आदि रहे।
