यूपी में यास के बाद अब पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर – कई जिलों में 2-3 जून को बारिश का पूर्वानुमान

लखनऊ

बंगाल की खाड़ी से उठे यास साइक्लोन के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में जमकर बारिश हुई. बीती 27 मई से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला 30 मई तक चलता रहा. बारिश के थमते ही सूरज ने अपना तेवर दिखाया और अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा गया।
बारिश की वजह से तापमान गिरकर 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. यानी महज 48 घंटे में अधिकतम तापमान में 8.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई. मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को अधिकतम तापमान के 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का पूर्वानुमान है।
लेकिन जल्द ही इस तेज धूप और गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी. मौसम विभाग ने अगली बारिश का पूर्वानुमान भी व्यक्त किया है. जम्मू-कश्मीर के ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है. तिब्बत की ओर जाने के क्रम में जब यह पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर से गुजरेगा तो पूर्वांचल में बारिश की वजह बनेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक महाराजगंज और सिद्धार्थनगर में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विशेषज्ञ 2 जून से इस बारिश का पूर्वानुमान जता रहे हैं. बादलों के आने का सिलसिला मंगलवार से शुरू हो जाएगा. हालांकि मौसम विभाग ने यह भी साफ किया है कि बारिश एक-दो दिन से ज्यादा नहीं होगी।
इस दौरान पुरवा हवाएं भी 20 से 25 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेंगी और आसमान में बादल छाए रहेंगे. ऐसे में एक बार फिर तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी. हालांकि यह गिरावट अस्थाई रहेगी. चार जून के बाद सूरज की त्योरियां फिर चढ़ेंगी और तापमान में बढ़ोतरी होगी. यास चक्रवात की तरह ही इस मौसमी सिस्टम का असर भी पूर्वी यूपी तक सीमित रहेगा, पश्चिमी यूपी में बारिश का अनुमान नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *