150 घंटे बाद भी नहीं खुल सका पूर्णागिरि मार्ग
चम्पावत। बाटनागाड़ में भारी मात्रा में एकत्र हुए मलबे और बोल्डर को 150 घंटे बाद भी नहीं हटाया जा सका है। इससे पूर्णागिरि मार्ग में यातायात पूरी तरह से बंद है। रुक-रुक कर हो रही बारिश मलबा हटाने में बाधा बन रही है। डीएम के निर्देश के बाद रात भर मशीन के जरिए मार्ग को सुचारु किए जाने का नाकाम प्रयास जारी रहा। मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी ने बताया कि बारिश के बाद बाटनागाड़ में एकत्र हुए मलबे को सातवें दिन भी नहीं हटाया जा सका। माता के दर्शन को आ रहे श्रद्धालुओं को ककराली गेट से ही वापस लौटा दिया जा रहा है। बताया कि श्यामलाताल की पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन से लगातार मलबा आ रहा है। बीते मंगलवार तड़के से इस मार्ग में वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद है। लोनिवि के सहायक अभियंता लक्ष्मण सामंत ने बताया कि बारिश के चलते लगातार मलबा आ रहा है। इससे सड़क खोलने में दिक्कतें आ रही हैं। बताया कि रात में भी निरंतर काम कर मार्ग सुचारु किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। एसडीएम सुंदर सिंह ने बताया कि अभी मार्ग सुचारु करने मे दो से तीन दिन का समय लग सकता है।
