बारिश और जलभराव की स्थिति पर नगर निगम ने शहर को दो जोन में बांटा
रुड़की। भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने शहर को दो जोन में बांटा है। दोनों जोन में फील्ड में कर्मचारी 24 घंटे मौजूद रहेंगे। इसके अलावा कंट्रोल रूम भी 24 घंटे चलेगा। नगर आयुक्त ने काम में लापरवाही पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी है। रुड़की में इस बार रिकॉर्ड बारिश हो रही है। बुधवार को सुबह से शुरू हुई बारिश शाम तक भी नहीं थमी। लगातार हो रही बारिश से लगभग सभी वार्डों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। निगम ने शहर को दो जोन में बांटा है। जोन एक में वार्ड एक से 20 तक शामिल हैं। सहायक नगर आयुक्त संजय कुमार को जोन अधिकारी बनाया गया है। नगर अभियंता प्रेम कुमार शर्मा तकनीकी अधिकारी होंगे। वहीं, जोन दो में वार्ड 21 से 40 तक को शामिल किया गया है। इसमें सहायक नगर आयुक्त एसपी गुप्ता को जोन अधिकारी बनाया गया है। सहायक नगर अभियंता गुरुदयाल तकनीकी अधिकारी होंगे।