जयहरीखाल ब्लाक के कई गांवों में पेयजल संकट
पौड़ी। भारी बारिश से जयहरीखाल ब्लाक के करीब एक दर्जन गांवों में पेयजल संकट खड़ा हो गया है। पेयजल की आपूर्ति ग्रामीणों को प्राकृतिक स्रोतों से करनी पड़ रही है। बारिश के कारण इस क्षेत्र को पानी की सप्लाई करने वाली योजना क्षतिग्रस्त हो गई है। ब्लाक के कोटा, तोली, पास्ता, मोली, दुधारखाल, बबीना, कंडिया, कोटा तल्ला आदि गांवों में बीते दो सप्ताह से पेयजल की यह समस्या बनी हुई है। जिससे ग्रामीणों को पेयजल किल्लत से दो चार होना पड़ रहा है। बीजेपी मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट और युवा मोर्चा अध्यक्ष विजय भट्ट ने बताया कि पिछले 15 दिनों से दुधारखाल क्षेत्र के गांव में पानी की समस्या है। ग्रामीणों को कई किलोमीटर पैदल चलकर जल स्रोतों से पानी लेकर लौटना पड़ रहा है। इस संबंध में जल संस्थान के अधिकारियों को सूचित किया गया, लेकिन अधिकारी बारिश का बहाना बना रहे है। जिस कारण अभी तक समस्या हल नहीं हो सकी है। इधर, जल संस्थान कोटद्वार ईई एसके उपाध्याय ने बताया कि पाइपलाइन लगातार हो रही बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है। मौके पर संबंधित अभियंता को भेजा गया है। पाइपलाइन को ठीक कर जल्द ही पेयजल आपूर्ति को बहाल कर दिया जाएगा।
