महिला की हत्या में फरार पति, सास और देवर गिरफ्तार

नई टिहरी। थाना हिंडोलाखाल पुलिस ने 17 साल पुराने विवाहिता की गैरइरादतन हत्या के मामले में फरार चल रहे पति, सास और देवर को घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की ओर से तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किये जाने की कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी, हिंडोलाखाल संजीव थपलियाल ने बताया कि, साल 2006 में देवप्रयाग ब्लॉक के पुजार गांव में एक विवाहिता ने दहेज को लेकर की जाने वाली मारपीट से तंग आकर खुद को आग लगा दी थी, जिससे उसकी मौत हो गयी थी। महिला की उस समय तीन वर्ष की बालिका भी थी। मायके वालों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति दिनेश लाल पुत्र अधारु, सास फूरी देवी और देवर रमेश लाल पर दहेज उत्पीड़न और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले में गिरफ्तारी व जमानत होने के बाद तीनों आरोपी फरार चल रहे थे। जिस पर उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया। एसआई विकास शुक्ला, एचसी राजीव कुमार और विजय कुमार तथा कॉस्टे. बरखा रानी ने अभियुक्तों को घर में दबिश देकर गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *