मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में दी जानकारी
पौड़ी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थलीसैंण में निर्वाचन साक्षरता क्लब व राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में मतदाता जागरूकता के तहत व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता इतिहास विभाग के प्राध्यापक डा. धर्मेंद्र यादव ने छात्र-छात्राओं को बताया कि युवाओं को तीन मुख्य बातों को जीवन का ध्येय बना लेना चाहिए कि उन्हें शिक्षित होना है, उन्हें सेवा करना है, उन्हें मतदान करना है। यह तभी संभव है जब वह पूर्ण ईमानदारी से अपना कार्य करेंगे। कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं है, हमारा कर्त्तव्य भी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही प्रभारी प्राचार्य डा. छाया सिंह ने कहा कि सभी 18 वर्ष के आयु के छात्र-छात्रा अपना नाम निर्वाचन मतदाता सूची में अवश्य दर्ज करवा लें। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक नोडल अधिकारी मतदाता साक्षरता क्लब डा.विकास प्रताप सिंह, भौतिक विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डा. सुधीर सिंह रावत, डा. धर्मेंद्र कुमार, डा.अजय कुमार, डा. विनोद कुमार आदि शामिल रहे।
