ताबड़तोड़ छापेमारी से बिजली चोरों में हड़कंप
रुद्रपुर। बिजली विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी से बिजली चोरों में हड़कंप मचा है। सोमवार को भी विभाग की टीम ने एसडीओ दिनेश चंद गुरुरानी की अगुवाई में सुभाष कालोनी आजादनगर वार्ड एक किच्छा में छापेमारी की। चेकिंग के दौरान टीम मनोरंजन मंडल पुत्र दीनानाथ मंडल और चेतन बैरागी पुत्र जितेन बैरागी के परिसर में विद्युत मीटर से पहले डायरेक्ट केबिल डालकर विद्युत चोरी की जा रही थी। अवर अभियंता ओम कुमार की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एसडीओ गुरुरानी ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर बिजली चोरी में 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। छापेमारी टीम में अवर अभियंता ओमकुमार, लालपुर अवर अभियंता भुवन चंद उप्रेती, पंतनगर अवर अभियंता प्रदीप खाती, लाइन मैन जसवंत सिंह आदि रहे।
