चंबा पुलिस ने बिना सत्यापन के रह रहे लोगों पकड़ा
नई टिहरी। चंबा थाना पुलिस ने एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चंबा नगर सहित आसपास गांव में रहने वाले बाहरी लोगों के खिलाफ डोर टू डोर सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस टीम ने बिना सत्यापन के रह रहे 160 लोगों को हिरासत में लिया। चंबा थानाध्यक्ष एलएस बुटोला ने बताया कि सोमवार को चंबा नगर, दिखोलगांव, मंज्यूड गांव में बिना सत्यापन के किराये और दुकानों पर नौकरी कर रहे लोगों का जब पुलिस टीम ने सत्यापन जांच की तो 160 लोगों ऐसे मिले जिन्होंने सत्यापन ही नहीं करवाया था। पुलिस टीम सभी लोगों को थाने लेकर आ गई। पुलिस ने पकड़े लोगों के आधार कार्ड तथा पहचान पत्र की जांच की। जिसमें 45 लोग ऐसे मिले जिनके पास पहचान दस्तावेज न होने कारण पुलिस ने उनका चालान किया। स्थानीय लोगों की अपील पर पुलिस ने सभी लोगों को जल्द सत्यापन करने की चेतावनी देते हुये छोड़ दिया।
