कूटरचित शैक्षिक दस्तावेज लगा नौकरी कर रही महिला संविदा कर्मी गिरफ्तार
रुद्रपुर। कूटरचित शैक्षिक दस्तावेज लगाकर संविदा पर नौकरी पाने वाली महिला सीएचसी कर्मी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। किच्छा के हसनपुर चाचर निवासी देवेंद्र कौर पत्नी कृपाल सिंह की वर्ष 2013 में स्वास्थ्य विभाग में परिवार नियोजन काउंसलर के पद पर संविदा कर्मी के रूप में नियुक्ति हुई थी। बीते एक वर्ष पूर्व सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक को शिकायत मिली कि देवेंद्र कौर ने इंटरमीडिएट के कूटरचित शैक्षिक दस्तावेज बनाकर नियुक्ति पाई है। स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस को देवेंद्र के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने देवेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। तब से वह फरार चल रही थी। पुलिस ने शुक्रवार उसे नैनीताल-रुद्रपुर हाईवे पर जिला न्यायालय के सामने से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। यहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में हल्द्वानी जेल भेज दिया गया।
