13 को निकलेगी जिलास्तरीय पोषण जागरूकता रैली
रुद्रपुर। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत 13 सिंतबर को कलक्ट्रेट परिसर से गांधी पार्क तक जिला स्तरीय पोषण जागरूकता रैली निकाली जाएगी। रैली के दौरान कुपोषण को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। सोमवार को विकास भवन सभागर में सीडीओ विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी उदय प्रताप सिंह ने पोषण माह में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। बताया कि रैली कलक्ट्रेट परिसर से गांधी पार्क तक निकाली जाएगी। इस वर्ष पोषण माह की थीम सुपोषित भारत, साक्षर भारत, सशक्त भारत रहेगी। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को पोषण माह में सभी गतिविधियों का आयोजन बेहतरीन तरीके से करने के निर्देश दिए हैं। भारत सरकार की ओर से कुपोषण मिटाने और पोषण के प्रति जागरूकता लाने के लिए प्रति वर्ष 1 से 30 सितंबर तक राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया जाता है। उपमुख्य चिकित्साधिकारी एसपी सिंह, सहायक जिला पंचायत अधिकारी महेश कुमार, राष्ट्रीय पोषण मिशन जिला समन्वयक बबीता मौर्य, जिला परियोजना सहायक मेघा यादव आदि मौजूद रहे।
