केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मिले छात्र संघ पदाधिकारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के बिड़ला परिसर छात्र संघ पदाधिकारी देहरादून में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से मिले। इस दौरान उन्होंने विवि में सीयूईटी के कारण प्रवेश में आ रही दिक्कतों को लेकर 22 दिनों से चल रहे छात्र संघ के आंदोलन व छात्रों से जुड़ी मांगों को उनके समक्ष रखा। उन्होंने सीयूईटी के कारण विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे उत्तराखण्ड के छात्र-छात्राओं के भविष्य को ध्यान में रख रिक्त सीटों पर बिना सीयूईटी के प्रवेश दिए जाने, पूर्व की भांति कैंपस वेटेज दिए जाने, नॉन नेट पीएचडी छात्रों को 15 हजार रूपए फैलोशिप दिए जाने व फर्जी नियुक्तियों की जांच किए जाने की मांग की। छात्र संघ अध्यक्ष गौरव मोहन नेगी ने बताया कि मांगों पर शिक्षा मंत्री ने आश्वस्त किया है। इस मौके पर छात्र संघ उपाध्यक्ष रोबिन सिंह असवाल, छात्र संघ महासचिव सम्राट सिंह राणा भी मौजूद रहे।
